कीर्तिपुर नेपाल में पाटन से तीन मील पश्चिम एक गोलाकार पर्वत पर स्थित प्राचीन नगर। यह चारों ओर मजबूत प्राचीर से घिरा हुआ है। यह मूलत: नेवार राजवंश की राजधानी था। १७६५ ई. में गोरखा नरेश पृथ्वीनारायण देव ने नरेश को हराकर इस नगर पर अधिकार कर लिया और पराजित नेवार जाति के सभी स्त्री-पुरुषों की नाकें काट डाली गयीं। इस कारण इस नगर को नकटापुर भी कहते हैं। आज यह एक कस्बा मात्र रह गया है। यहाँ कई दर्शनीय प्राचीन अवशेष हैं। उनमें एक १५१३ ई. का बना बाघ भैरव का मंदिर और १६६५ ई. में शेरिस्ताँ नेवार का बनवाया हुआ गणेश मंदिर उल्लेख हैं। यहीं चिलनदेव नामक एक बौद्ध मंदिर भी है। (परमेश्वरीलाल गुप्त)