किशिनेव मॉलदोवियन सोवियत समाजवादी संघ की राजधानी (स्थिति ४६.५९ उ. अक्षांश तथा २८.५२ पू. देशांतर)। यह काड्री पठारी क्षेत्र में बिक नदी के किनारे ओडेसा-जास्सी को संबंधित करनेवाले रेलमार्ग पर स्थित है। इसकी स्थापना सन् १४३६ में हुई थीं।
यह ईसाइयों का प्रसिद्ध तीर्थस्थान है और यहाँ गंधक मिलता है, पानी के झरने और आरोग्यशाला स्थित हैं। इसके उपनगर क्षेत्र में विभिन्न फल, विशेषतया बेर, अंगूर तथा शहतूत आदि उत्पन्न होते हैं। यहाँ अंगूर उगाने की शिक्षा देने की एक पाठशाला, जूते, विभिन्न औजार तथा खाद्य सामग्री तैयार करने के उद्योग-धंधे हैं। इसके निकट बिक नदी की तटवर्ती पहाड़ियों पर एक उपनगर का विकास हुआ है। द्वितीय महायुद्ध में यह नगर विनष्टप्राय हो गया था परंतु अब इसका पुनर्निर्माण हो गया है। रूस के इतिहास में इस नगर की ख्याति इस कारण है कि सुप्रसिद्ध कवि पुश्किन को यही निर्वासित किया गया था। (शांतिलाल कायस्थ.)