काशगर (४९रू ३०व् उ.अ., ७५रू ६३व् पू.दे.) चीन देश के सींक्यांग (Sinkiang) प्रांत के पश्चिमी भाग का एक प्रमुख व्यावसायिक नगर एवं मरूद्यान है, जो यारकंद नगर से १०० मील उत्तर-पश्चिम किज़िलदरिया पर बसा है। ईसा से लगभग ३०० वर्ष पूर्व इस नगर की स्थापना हुई थी। इस नगर के उत्तर-पूर्व में थ्यॉनशान, पश्चिम में अलाई तथा दक्षिणपूर्व में सारीकोल पर्वतमालाएँ हैं। इनकी ऊँचाई समुद्रतल से लगभग ४,००० फुट है। तकलामकान की पश्चिमी सीमा पर स्थित होने के कारण यह नगर प्राय: वर्ष भर शुष्क और लगभग २०० दिनों तक धूल से आक्रांत रहता है। यहाँ से वाणिज्यपथ पूर्व में तुर्फ़ान, पश्चिम में समरकंद तथा दक्षिण में गिलगिट और श्रीनगर जाते हैं। मरूद्यान का क्षेत्रफल लगभग १,००० वर्ग मील है, जिसमें सिंचाई द्वारा गेहूँ, मक्का, जौ, चावल, कपास, फल एवं सब्जियों की खेती होती है। यहाँ दरियों एवं कपडों का निर्माण और जरी का काम होता है तथा ऊन, रूई, रेशम, चाय और भेड़ों का व्यापार किया जाता है। इस नगर का नवीन चीनी नाम 'शूफू' (Shufu) है। (न.कि.प्र.सिं.)