कार्लाइल यह इंग्लैंड की कंबरलैंड काउंटी में, ईडेन नदी पर, उसके मुहाने से आठ मील ऊपर स्थित एक नगर है, जिसमें नगरपालिका भी है। क्षेत्रफल ६,०९२ एकड़ तथा अनुमित जनसंख्या ७१,४१० (१९७०) है। यहाँ पर मानव आवास का प्रारंभ एक अंग्रेजी ग्राम के रूप में हुआ। पहली शताब्दी के रोमन निवासियों ने इसे एक नगर का रूप दिया। नवीं शताब्दी में डेन जाति के आक्रमण के फलस्वरूप इस नगर का बहुत विनाश हुआ। ११वीं शताब्दी में इंग्लैंड के विलियम रूफ़स ने यहाँ पर एक दुर्ग तथा नगर की दीवारें बनवाईं। आजकल कार्लाइल ग्रेट ब्रिटेन के प्रमुख रेल केंद्र में से एक है। यहाँ के मुख्य उद्योग वस्त्र, बिस्कुट तथा धातु के डिब्बे बनाना है। गिरजाघर, संग्रहालय तथा कलामंदिर दर्शनीय है। (प्रे.चं.अ.)