कार्क (कॉर्क) आयरलैंड गणतंत्र का दूसरा बड़ा नगर है। ली नदी के मुहाने पर समुद्र से ११ मील दूर कार्क हार्बल से ऊपर की ओर यह एक द्वीपसमूह पर बसा है। यह राज्य का तीसरा बड़ा बंदरगाह तथा महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है। ली नदी में इस नगर के एक मील ऊपर तक जलयान आ जो हैं। कार्क ऊनी वस्त्र उद्योग का केंद्र है। ट्वीड के अतिरिक्त यहाँ दस्ताने, नकली रेशम, रासायनिक खाद तथा शराब बनाई जाती है। रबड़ तथा मोटर बनाने के कार्य भी उल्लेखनीय हैं। यूनिवर्सिटी, स्कूल और गिरजाघर के भवन दर्शनीय हैं। क्रामवेल ने १६४९ ई. में तथा मार्लबरों ने १६९० ई. में नगर को जीता था। जनसंख्या १९६६ ई. में १,२२,१४६ थी।