कारफ़ू (कॉरफ़ू) भूमध्यसागर में ऐड्रियाटिक सागर में द्वार पर स्थित आयोनियन द्वीपसमूह का दूसरा बड़ा द्वीप है। यह ग्रीस राज्य का एक विभाग है। इसका क्षेत्रफल २२७ वर्ग मील है। अधिकतर भाग पर्वतीय है। पैंटोक्रैटोरास शिखर की ऊँचाई लगभग ३,००० फुट है। जलवायु भूमध्यसागरीय है, अत: मुख्य उपज नींबू, नारंगी, जैतून का फल तथा तेल, अंजीर और अंगूरी शराब हैं। ईसा से कोई ६०० वर्ष पूर्व कॉरिंथियन उपनिवेश के रूप में सर्वप्रथम मनुष्यों का बसना यहाँ प्रारंभ हुआ। कॉरफ़ू की राजधानी कॉरफ़ू नगर है जो पूर्वी तट पर स्थित एक उत्तम बंदरगाह भी है। नगर में एक संग्रहालय है जो एक मध्यकालीन दुर्ग में स्थित है। (प्रे.चं.अ.)