काफ़िरिस्तान अफगानिस्तान का एक प्रांत जिसके उत्तर में बदख़्शाँ का प्रदेश, उत्तर-पूर्व में चित्राल तथा दक्षिण-पूर्व में कुनार की घाटी है। (क्षेत्रफल—५,००० वर्ग मील, स्थिति ३४स् ३०स् उ.अ. से ३६स् उ.अ. तथा ७०स् पू.दे. से ७१स् ३०व् पू.दे.)। सन् १८८५-८६ से पहले इस पर्वतीय प्रदेश के बारे में बहुत कम ज्ञान था। काफ़िर लोगों का यह देश १८५९ ई. तक पूर्ण रूप से स्वतंत्र रहा। इसके पश्चात् काबुल के अमीर अब्दुर्रहमान ने इस भाग को अपने अधिकार में कर लिया तथा यहाँ के निवासियों को इस्लाम धर्म का समर्थक बना लिया।
देश में विभिन्न सँकरी घाटियाँ हैं जो ऊँची परिवर्तित चट्टानों से बनी हुई पर्वतश्रेणियों द्वारा अलग-अलग कर दी गई है। पूरा प्रदेश बहुत ही ऊँचा नीचा है। मैदान या समतल क्षेत्र नाममात्र के लिए भी नहीं हैं। सारा पर्वतीय क्षेत्र जंगलों से ढका हुआ है। ढालों पर चरागाह हैं। यहाँ पर फल तथा तरकारियाँ पैदा की जाती हैं। नदियों में पर्याप्त मछलियाँ पाई जाती हैं। घाटियों में फल, फूल तथा अन्न पैदा किए जाते हैं। यहाँ शराब भी बनाई जाती हैं। (ह.ह.सिं.)