काचीन यह ब्रह्मदेश अथवा बरमा राज्य संघ का एक राज्य है। ब्रह्मदेश के संविधानानुसार २४ सितंबर, १९४७ ई. को मितकीना एवं भामो जिलों को मिलाकर इसका निर्माण किया गया। काचीन का क्षेत्रफल लगभग १५,५०० वर्गमील है। यह राज्य उत्तरी ब्रह्मदेश में नागा एवं पटकोई पहाड़ियों के पूर्व तथा सालविन नदी के पश्चिम में स्थित है। ईरावती तथा इसकी सहायक चाडविन नदियाँ इस राज्य के उत्तरी भाग से निकलकर दक्षिण की ओर बहती हैं। इस छिन्न-भिन्न पहाड़ी एवं पठारी क्षेत्र में घने जंगल हैं। पूर्वी भाग में कोचनी पहाड़ियाँ (६,००० से ७,००० फुट) उत्तर-दक्षिणी फैली हुई हैं। भामों तथा मितकीना इस राज्य के प्रमुख नगर हैं। भामों चीनी सीमा से २० मील की दूरी पर स्थित बरमा चीन व्यापार का मुख्य केंद्र है। मितकीना रेल द्वारा मांडले और रंगून से संबद्ध है। यहाँ से 'लेडो मार्ग' आसाम को जाता है। धान एवं मक्का इस राज्य की मुख्य उपज है। इसके अतिरिक्त कपास, तंबाकु, अफीम, मटर, तिहहन एवं सब्जियाँ भी उगाई जाती हैं। यह क्षेत्र निर्माण काष्ठ के लिए प्रसिद्ध है जो नदियों द्वारा बहाकर मांडले एवं रगून के कारखानों में पहुँचाया जाता है। ईरावती तथा अन्य नदियों की घाटियों में सोना पाया जाता है। (न.कि.प्र.सिं.)