काउनित्स-रीतबर्ग, वेंत्सेल आंतोन (१७११-९४) आस्ट्रिया का चांसलर और राजनीतिज्ञ। काउंट मार्क्स उलरिख़ का पुत्र। सम्राट् चार्ल्स षष्ठ की मृत्यु के बाद उसने साम्राज्ञी मारिया थेरेसा का मंत्रित्व स्वीकार कर लिया और १७४४ में वह बेल्जियम का राज्यपाल बना दिया गया। आया-ला-शापेल की शांति-कांग्रेस में जिस रीति से उसने आस्ट्रिया के अधिकारों का प्रतिनिधान किया, उससे वह यूरोप के प्रधान राजनीतिज्ञों में गिना जाने लगा। साम्राज्ञी ने प्रसन्न होकर उसे अपना विशिष्ट परामर्शदाता बनाया और अपनी सारी योजनाओं को, कार्य रूप में परिणत करने के लिए, उसे सौंप दिया। प्राय: ४० वर्ष काउनित्स पूर्वी और मध्य यूरोपीय राजनीति पर छाया रहा। उसकी नीति का परममंत्र था आस्ट्रिया के राजकुल के अधिकारों की रक्षा करना। वह फ्रांसीसी राज्यक्रांति को समुचित रूप से समझ न सका फिर भी उसके विरोध में उसने मेटर्निक की नीति का समर्थन किया। वह १७९४ में मरा। (चं.भा.पां.)