कांस्टैंस झील जर्मनी, स्विटज़रलैंड तथा आस्ट्रिया राज्यों की सीमाओं से घिरी हुई यह झील मध्य यूरोप में समुद्र की सतह से करीब १,३०९ फुट की ऊँचाई पर स्थित है। इसमें गिरनेवाली नदियों में राइन प्रमुख है जो इसके दक्षिण-पूर्वी सीमा पर स्थित आस्ट्रिया राज्य से ब्रेजेंट्स तथा स्विस राज्यों की सीमा के मध्य में आकर इसमें गिरती है। यह झील उत्तर-पश्चिम की दिशा में बोडानरूक प्रायद्धीप द्वारा दो भुजाओं के रूप में विभाजित हो जाती है। इस झील की सबसे अधिक चौड़ाई १०.५ मील, क्षेत्रफल २०४ वर्गमील तथा सबसे अधिक गहराई ८२७ फुट है।

इसका जल गाढ़ा हरा तथा स्वच्छ है। कभी-कभी इसमें एकाएक काफी बाढ़ आती है जो बर्फ से पिघलने से नदियों में अधिक पानी आ जाने के कारण होती है। ऐसे अवसरों पर आसानी से पानी तीन फुट से १२ फुट की ऊँचाई तक पहुँच जाता है। प्रमुख झील केवल अत्यंत ठंढक के दिनों में ही जमती है। आसपास मत्स्य उद्योग काफी उन्नत दशा में है। भूमि उपजाऊ है तथा आसपास का देश सुंदर बगीचों, ग्रामों तथा नगरों से परिपूर्ण है। इन प्रसिद्ध नगरों के बीच चलनेवाली छोटी-छोटी वाष्पचालित नावें झील की सुंदरता में चार चाँद लगा देती हैं। (व.सि.)