करमानशाह ईरान के पश्चिमी भाग में हमदान के पश्चिम तथा कुर्दिस्तान के दक्षिण ईराक की सीमा तक फैला हुआ ईरान का बहुत ही धनी प्रदेश है जहाँ गेहूँ, मक्का, चावल, अंडी का तेल, पोस्ता, फल आदि उत्पन्न किए जाते हैं। पहाड़ियों पर अच्छे चरागाह हैं, जिनमें भेंड, बकरियाँ अधिक संख्या में पाली जाती हैं। भेड़ों का मांस अधिकतर तेहरान नगर को भेजा जाता है। करमानशाह प्रदेश की जनसंख्या १९६६ में ७,७६,४०९ थी। करमानशाह इस प्रदेश का मुख्य नगर है। यह नगर समुद्र से ४,८६० फुट की ऊँचाई पर एक उपजाऊ मैदान में ३४� २०' उ.अ. और ४७� पू.दे. पर स्थित है। इसकी उन्नति का मुख्य कारण इसकी औद्योगिक स्थिति है, क्योंकि यहाँ से बगदाद का व्यापार ईरान में प्रवेश करता है। करमानशाहनगर (राजधानी) की जनसंख्या १९६६ में, १,८७,९३० थी। (उ.सिं.)