औस्वीगाे १. इस नाम का एक नगर संयुक्त राज्य, अमरीका में न्यूयार्क राज्य के उसी नाम के प्रदेश के प्रधान अधिकारी का निवास स्थान है। यह सिराक्यूज़ नगर से ३५ मील उत्तर-पश्चिम औस्वीगो नदी के मुहाने पर उसके दोनों ओर तथा ओंटेरियो झील के दक्षिणी-पूर्वी किनारे पर एक छोटे बंदरगाह के रूप में बसा है। इसकी स्थिति ४३रू २७व् उ.अ. और ७६रू ३२व् प.दे. पर है।

यहाँ कई रेलमार्ग आकर मिले हैं, जिनके द्वारा यह रॉचेस्टर और सिराक्जूज़ से मिला हुआ है। इस बंदरगाह में झील के स्टीमर तथा छोटे जहाज कई बंदरगाहों से आते हैं। सन् १८२८ ई. में औस्वीगो नहर बनी, जो ओंटेरियो झील को, न्यूयार्क स्टेट बार्ज नहर से सिराक्यूज़ के पास जोड़ती है। औस्वीगो नदी में ३४ फुट ऊँचा एक प्रपात है, जहाँ बिजली उत्पन्न की जाती है।

यहाँ कई प्रकार के कारखाने हैं, जिनमें मंड (स्टार्च) बनाने का कारखाना सबसे बड़ा है। इसके सिवाय लकड़ी की लुगदी और कागज के, सिल्क, ऊनी और सूती कपड़ों के एवं दियासलाई तथा मशीनें बनाने के भी कारखाने हैं। कैनाडा से लकड़ी की लुगदी जलमार्ग से यहाँ लाने में सुविधा होती है और बदले में कोयला जाता है। औस्वीगो का व्यापार अधिकतर कैनाडा के शहरों से होता है।

२. औस्वीगो नामक दूसरा नगर संयुक्त राज्य, अमरीका, के कैंनास राज्य के दक्षिण-पूर्व की ओर लावेटी प्रदेश के प्रधान अधिकारी का निवास स्थान है। यह निओशो नदी के दाहिने किनारे पर बसा है। इसकी स्थिति ३७रू ११व् उ.अ. और ९५रू ०९व् प.दे. पर है। यह नगर रेलों का भी केंद्र है और रेलमार्ग द्वारा कैंसास नगर, टेक्सैस, सेंट लूई और सैनफ्ऱैंसिस्को से जुड़ा है।

३. औस्वीगो नाम का तीसरा नगर संयुक्त राज्य, अमरीका, के औरिगन राज्य के क्लेकामस प्रदेश में एक छोटा नगर है। यह कोलंबिया नदी की सहायक विलैमेट नदी के बाएँ किनारे पर बसा है। यह पोर्टलैंड नगर से सात मील दक्षिण है और इससे रेल द्वारा जुड़ा है। (ल.कि.सिं.चौ.)