औस्नाब्रुक फेडरल रिपब्लिक ऑव जर्मनी (पश्चिमी जर्मनी) का एक प्रसिद्ध नगर है, जो ब्रिटिश क्षेत्र के हैनोवर प्रांत में हैनोवर नगर से ७० मील पश्चिम हेस नदी के दाहिने किनारे पर बसा है। इस नगर की स्थिति ५२रू १६व् उ.अ. तथा ८रू ४व् पू.दे. पर है। १९६९ ई. के अंत में यहाँ की जनसंख्या १,४१,००० थी। यह पुराना ऐतिहासिक नगर १८५७ ई. से रोमन कैथोलिक चर्च, निकट के क्षेत्र की शासन व्यवस्था और व्यापार का केंद्र है।
इस नगर की स्थिति महत्वपूर्ण मार्ग पर है। कई दिशाओं से रेलमार्ग यहाँ आकर मिलते हैं। रेल द्वारा यह ब्रीमेन, हैंबर्ग, हैनोवर, कोलोन, और ऐम्स्टरडैम से मिला है। मिटीलैंड नहर की कई शाखाएँ इसके औद्योगिक क्षेत्र में फैली हैं। इस नगर में कई प्रकार के माल तैयार होते हैं और सूत कातने, कपड़ा बुनने, तंबाकू और सिगार बनाने, कागज, रासायनिक द्रव्य, शराब तथा इंजीनियरिंग का सामान बनाने के बड़े कारखाने हैं। यहाँ लोहा और इस्पात बनाने के भी कारखाने हैं, जिनका मुख्य कारण लोहे और कोयले की निकटवर्ती खानें हैं। अब लोहा विदेशों से अधिक आता है। यहाँ का मुख्य व्यापार अनाज, लकड़ी, कपड़ा और लोहे के सामान का है। (ल.कि.सिं.चौ.)