ओल्ढम, टामस (१८१६-१८७८ ई.) भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग (जिओलॉजिकल सर्वे ऑव इंडिया) के इस प्रथम अध्यक्ष का जन्म ४ मई, १८१६ ई. को डबलिन में हुआ था। इनकी शिक्षा डबलिन तथा एडिनबरा विश्वविद्यालयों में हुई। १८४५ में ये डबलिन विश्वविद्यालय के भूविज्ञान विभाग में प्रोफेसर हुए। १८४६ में ये आयरलैंड भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग के अध्यक्ष नियुक्त हुए तथा १८४८ में रॉयल सोसाइटी के फ़ेलो चुने गए।
४ मार्च, १८५१ को इन्होंने भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग की बागडोर सँभाली। इनके कार्यकाल में इस विभाग की सर्वागीण उन्नति हुई। १८५८-५९ में सर्वेक्षण की प्रथम वार्षिक रिपोर्ट प्रकाशित हुई। १८५९ में भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग की अनुसंधान पत्रिका (मेमॉयर्स) का शुभारंभ हुआ। १८६१ में पैलिऑण्टॉलोजिका इंडिका नामक ग्रंथमाला का श्रीगणेश हुआ। १८६४ में आपने भारत के कोयले के क्षेत्रों पर अपनी रिपोर्ट प्रकाशित की।
२५ वर्षों की निरंतर सेवा के उपरांत १८७७ में ६० वर्ष की आयु में आपने अवकाश प्राप्त किया। १७ जुलाई, १८७८ को रगबी (इंग्लैंड) में आपका देहावसान हुआ।
(म.ना.मे.)