आरोंटीज़ सीरिया देश की एक मुख्य नदी का प्राचीन नाम है। इसे ड्रेको, टाइफ़ून अथवा ऐक्सियस भी कहते थे। इसका प्रचलित नाम अल-असी है। इस नाम की उत्पत्ति ऐक्सियस शब्द से हुई है। बेका पर्वत के पूर्व से निकलकर यह नदी उत्तर की ओर बहती हुई होम्स झील में मिलती है। यहाँ से यह ऐंटियाक मैदान में बहती है। ऐफ़रिन तथा कारा सू नामक दो सहायक नदियाँ इसमें मिलती हैं। स्वेडिया बंदरगाह के निकट यह नदी समुद्र में मिलती है। इसकी लंबाई लगभग १७० मील है। इसमें नौचालन कठिन है। यह नदी सेनाओं के यातायात तथा मिस्र और एशिया माइनर के बीच व्यापार के लिए उपयोगी है। (वि.चं.मि.)