ओरेगॉन संयुक्त राज्य, अमरीका, के उत्तरी पश्चिमी भाग में स्थित एक राज्य है तथा साधारणत: 'बीवर' राज्य कहलाता है। सेलेम इस राज्य की राजधानी है। इस राज्य के उत्तर में वाशिंगटन राज्य है। यह अंशत : कोलंबिया नदी तथा अंशत: ४६ अक्षांश रेखा द्वारा इससे अलग है। इसके पूर्व में इडाहो राज्य है जिसकी सीमा स्नेक नदी बनाती है। पश्चिम में प्रशांत महासागर का तट है जिसकी लंबाई ४३० मील है। यह राज्य पूर्व से पश्चिम ३७५ मील लंबा तथा उत्तर से दक्षिण २९० मील चौड़ा है। इस राज्य का क्षेत्रफल लगभग ९६,९८० वर्ग मील है और जनसंख्या (१९७०) २०,५६,१७१।

ओरेगॉन नगर इसी राज्य के विलामेट नदी के दाहिने किनारे पर बसा हुआ है। यह पोर्टलैंड से १२ मील दक्षिण की ओर है। इस नगर से दक्षिणी पैसिफ़िक रेलवे गुजरती है। इस नगर में विलामेट नदी ४० फुट ऊँचा जलप्रपात बनाती है। इस प्रपात से जलविद्युत् का उत्पादन किया जाता है। यह नगर कागज तथा ऊनी कपड़ों के उत्पादन का केंद्र है।

(वि.चं.मि.)