ओरिज़ाबा मेक्सिको देश के वेराक्रूज़ राज्य का एक नगर है। यह नगर वेराक्रूज़ बंदरगाह से पश्चिम-दक्षिण की ओर ८२ मील तथा मेक्सिको नगर से दक्षिण-पूर्व की ओर २०३ मील पर स्थित है। यह स्थान दो रेलमार्गो द्वारा जुड़ा हुआ है। अपनी विशेष स्थिति के कारण मेक्सिको के इतिहास में यह नगर प्रसिद्ध रहा है। इसी कारण उसका आर्थिक विकास भी हुआ। सियरा मादरे ओरिएंटल पर्वत की एक उपजाऊ तथा शीतोष्ण घाटी में लगभग ४,२०० फुट की ऊँचाई पर यह नगर बसा है। इसी के ऊपर लगभग १८,५५० फुट ऊँचा पिकोडि ओरिज़ाबा नाम का प्रसिद्ध तथा शांत ज्वालामुखी पर्वत बर्फ से ढका हुआ है। पर्याप्त मात्रा में जलप्राप्ति तथा शीतोष्ण जलवायु के कारण यह कृषि तथा औद्योगिक प्रदेश है। यहाँ की मुख्य उपज मक्का, चीनी, तंबाकू इत्यादि हैं। रियो ब्लैंको से जलविद्युत् शक्ति मिलती है जिसका उपयोग कपड़ों की मिलों तथा तंबाकू के कारखानों में किया जाता है। (वि.चं.मि.)