ऐरैन स्काटलैंड का सबसे बड़ा द्वीपसमूह है जो 'फ़र्थ ऑव क्लाइड' के उत्तर में है। इसकी कुल लंबाई 'कुक ऑव ऐरैन' से बेन्न तक २० मील है तथा अधिकतम चौड़ाई 'दुमादून प्वाइंट' से 'किंग्स क्रॉस' तक ११ मील है। इसका क्षेत्रफल १६५ वर्ग मील तथा आबादी १९७० में ७,९०१ थी। एरैन ऊबड़ खाबड़ किंतु देखने में सुंदर द्वीपसमूह है। यहाँ की भूगर्भिक बनावट बहुत जटिल है। सबसे अधिक ऊँचाई उत्तर में है। यहाँ तृतीयक कल्पयुगीन नितुन्न (इंट्रू सिव) ग्रैनाइट मिलते हैं। द्वीपसमूह में चारों तरफ एक तटीय सड़क है जो ५५ मील लंबी है। यह द्वीपसमूह १२६३ ई. के पहले नारवे के अधीन था। दक्षिण-पूर्वी तट के दियम बंदरगाह से एक मील दूर पर प्लाड्डा द्वीप है। जहाँ पर 'लाइट हाउस' तथा तार का केंद्र है जहाँ से क्लाइड में जहाजों के आने के पहले ग्लासगो तथा ग्रीन ओक को सूचना दे दी जाती है। (नृ.कु.सिं.)