ऐरेख्थियम् एक प्राचीन मंदिर जो एथेंस नगर के श्रेष्ठ भाग अक्रोपोलिस में स्थित है। इसका निर्माण ऐरेख्थियस नामक राजा द्वारा आरंभ किया गया था, जिसके निमित इसका एक भाग समर्पित भी था। निर्माण कार्य का आरंभ ई. पू. ४३१ अथवा ४२१ में हुआ था तथा ई. पू. ४०७ तक यह पूर्णतया निर्मित हो चुका था। पर इसके थोड़े ही समय पश्चात् यह जलकर नष्ट हो गया। ई.पू. चतुर्थ शताब्दी के प्रथम दशक में इसका सविस्तार पुनरुद्धार किया गया। ईसाई धर्मप्रचार हो जाने पर मध्यकाल में इसका उपयोग गिरजाघर के रूप में होने लगा। तत्पश्चात् जब एथेंस पर तुर्को का अधिकार हुआ, यह सैनिक शासक का हरम बन गया। सन् १८२७ में अक्रोपोलिस के घेरे के समय इसे बहुत क्षति पहुँची। १८५२ ई. में आँधी से इसकी पश्चिमी दीवार गिर पड़ी। २०वीं शताब्दी में इस मंदिर का पुन: पूर्णतया अत्यंत सावधानी से जीर्णोद्धार किया गया है। इतना ही नहीं, इसके एक एक प्रस्तरखंड का अध्ययन किया जा चुका है। यह ग्रीक-यवन जगत् का सबसे महत्वपूर्ण और सुंदर मंदिर है। इसमें देवी अथेना और पोसेइदन् (जलदेवता) के पूजास्थल भी थे।

सं.ग्रं.स्टीवैन्स ऐंड पैटन : दि ऐरेख्थियम्, १९२७। (भो.ना.श.)