ऐरागुआ प्रजातंत्र वेनिज्वेला के छोटे राज्यों में से एक है। इसमें नौ जिलेब्रुजुआल, गिसरडोट, मारिनों, रिकोर्त, रोसियो, सानकैसियोनिरो, सान सेबास्तिएँ, उर्दानेता तथा जामोरा सम्मिलित हैं। यह प्रदेश वेनिज्वेला की कार्डिलेरा श्रेणियों के मध्य में स्थित एक उपजाऊ तथा स्वास्थ्यवर्धक घाटी है। इसकी उत्तरी सीमा पर कैरीबियन सागर, पूर्वी सीमा पर मिरांडा राज्य, दक्षिण में ग्वारिको तथा पश्चिम में काराबोबो स्थित है। घाटी के ऊँचे भागों की जलवायु शीतोष्ण है। औसत वार्षिक तापक्रम ७४से ८०फा. तक रहता है। यहाँ की राजधानी माराकाइ है, जिसकी जनसंख्या सन् १९७१ ई. में २,०९,१७७ थी। समुद्र से १,५०० फुट की ऊँचाई पर, ऐरागुआ की उपजाऊ घाटी में इसकी स्थापना फ्ऱांसिस्को लोरेटो द्वारा सन् १५९३ ई. में की गई थी। यह काराकास से दक्षिण-पश्चिम ७७मील पर है तथा एक सुंदर राजमार्ग द्वारा संबंधित है। ला विक्टोरिया, बीला द कुरा तथा कगुआ नामक अन्य नगरों से भी यह राजमार्गो द्वारा संबंधित है। मध्य में बहनेवाली अन्य नदियों में ग्वारिको, ऐरागुआ, टिज्नाडोस तथा चिरका मुख्य हैं। प्रथमोक्त तीन नदियाँ ओरीनिको की सहायक हैं, तथा अंतिम चिरका वालेनशिया नामक विशाल झील में गिरती है। राज्य की उपज में कहवा, चीनी, कोको, मटर, अनाज तथा मक्खन प्रमुख हैं। संपूर्ण प्रदेश को पार करनेवाले एक नए राजमार्ग का निर्माण सन् १९४० ई. में किया गया, जिसके द्वारा प्रदेश की उपज बाहर भेजी जाती है। जनसंख्या सन् १९७१ ई. में ४,४४,३३० थी। (श्या.सुं.श.)