ऐज़मारा उत्तर-पूर्वी अफ्रीका के इरीट्रिया राज्य की राजधानी है। यह हैमा से उपत्यका के पूर्वी छोर पर समुद्र तल से ७,७६५ फुट की ऊँचाई पर बसा है। सन् १९६७ ई.में इसकी कुल आबादी १,७८,५३७ थी। यहाँ के आदिवासियों को इथियोपियन कहते हैं। यह मासावा बंदरगाह से सीधे पश्चिमोत्तर-पश्चिम दिशा में ४० मील की दूरी पर स्थित है, किंतु रेल द्वारा ७५ मील पर पड़ता है। रेलपथ का निर्माण सन् १९१२ ई. में हुआ था। यह अत्यंत प्राचीन नगर इथियोपिया वासियों को हैमासे उपत्यका-१,००० गाँवों के मैदान-के रूप में मालूम थीं। इन गाँवों में ऐज़मारा सबसे समृद्धिशाली था। इसका विकास मासावा और अक्सूम के मार्ग में स्थित रहने के कारण हुआ। सन् १९०० ई. में मासावा से राजधानी बदलकर ऐज़मारा आई। इसके आसपास उपजाऊ विस्तृत मैदान है। यहाँ का बल्दीस्सेरा दुर्ग पहाड़ पर बसा है और अजेय माना जाता है। द्वितीय महासमर में सन् १९४१ ई. की १ली अप्रैल के दिन यह अंग्रेजों द्वारा अधिकृत हो गया था। महासमर के बाद यहाँ अनेक भव्य इमारतें बनी हैं। (श्या.सुं.श.)