एस्ट्रेमोज़ पुर्तगाल के ऐलेंतेजू प्रांत का एक नगर है जो एयवूरा के पूर्वोत्तर में ३० मील की दूरी पर, समुद्रतल से १,५०० फुट की ऊँचाई पर बसा हुआ है। यह रेलवे द्वारा लिसबन से जुड़ा हुआ है, जो यहाँ से १०४ मील पश्चिम में स्थित है। इसके निकटवर्ती क्षेत्र में बर्तन बनाने की उत्तम मिट्टी मिलती है जिससे एस्ट्रेमीज़ में 'बिल्हाज़' नामक लाल मिट्टी के मर्तबान बनाए जाते हैं जो समस्त आइबेरियन प्रायद्वीप में प्रचलित हैं। निकट ही रंगबिरंगे संगमरमर की खुदाई होती है। यहाँ से ऊन भी प्रचुर मात्रा में निर्यात किया जाता है। पूर्वकाल में एस्ट्रेमीज़ प्रसिद्ध सैनिक केंद्र था। यहाँ १७वीं शताब्दी में एक बड़ा दुर्ग था जिसके भग्नावशेष अभी तक निकटवर्ती पहाड़ी पर बिखरे पड़े हैं। (ले.रा.सिं.)