एस्टोनिया क्षेत्रफल ४५,००० वर्ग कि.मी., जनसंख्या १४,००,००० (१९७० में) सोवियत संघ का एक राज्य है, जो उत्तर-पूर्वी यूरोप में बाल्टिक सागर के तट पर है। सन् १९१८ में इस स्वतंत्रता मिली, १९४० में सोवियत संघ में मिलाया गया, १९४१ में जर्मनी के अधीन हो गया तथा १९४४ में पुन: सोवियत संघ से मिला।

इस प्रदेश के भूतल पर प्रातिनूतन (प्लाइस्टोसीन) युग की हिमसरिताओं ने यथेष्ट प्रभाव डाला है। उत्तर में होने के कारण यहाँ की जलवायु शीतल है। इस राज्य में बहुत बड़े क्षेत्र में वन हैं। यहाँ का मुख्य पेशा कृषि एवं पशुपालन है। आलू, जो, राई, पटसन (फ़्लैक्स), दूध, मांस आदि यहाँ के मुख्य उत्पादन हैं। वन उद्योगों में लट्ठे तथा कागज के उद्योग मुख्य हैं। इस देश के खनिज तेल का काव (आयल शेल) महत्वपूर्ण है। इसके पास दलदल का कोयला (पोट), चूना पत्थर (लाइमस्टोन), फ़ासफ़ोरस, संगमरमर, जिप्सम आदि के भी अच्छे कोष हैं। यहाँ के मुख्य उद्योग कताई, बुनाई, बनावटी रेशम, दियासलाई, कागज, सीमेंट, तथा चमड़ा कमाने के कारखाने और पोतनिर्माण हैं। राज्य के आधे उद्योग तालिन नगर में ही स्थित हैं। यहाँ के मनुष्यों का एक बड़ा भाग नार्डिक जाति का है और भाषा फ़िनो-उर्गियन परिवार की है। यहाँ पर शिक्षा का स्तर काफी उँचा है। (शि.मं.सिं.)