एस्कानावा यह संयुक्त राज्य अमरीका के मिशिगन राज्य में एक प्रसिद्ध बंदरगाह है जो समुद्रतल से ६१२ फुट की ऊँचाई पर स्थित है। इसका जलीय अग्रभाग नोकेट की खाड़ी पर लंबाई में आठ मील प्रशस्त है। यह रेलों द्वारा शिकागो, मिलवाकी, सेंटपाल तथा सुपीरियर झील के बंदरगाहों से मिला हुआ है। यहाँ एक हवाई अड्डा भी है। यहाँ से कच्चे लोहे, लकड़ी तथा मछलियों का निर्यात होता है और अनेक प्रकार के कागज, रासायनिक द्रव्य तथ नल आदि बनाए जाते हैं। ग्रीष्मकाल में इसकी जलवायु बड़ी सुरम्य रहती है। निकटवर्ती क्षेत्रों के प्राकृतिक सौंदर्य भी उपलब्ध हैं; अत: एस्कानाबा एक बडा क्रीड़ाकेंद्र बन गया है। यहाँ प्रत्येक वर्ष राज्य सरकार की ओर से एक मेले का आयोजन किया जाता है। इस नगर का प्रादुर्भाव सन् १८४६ ई. में हुआ था, सन् १८६६ ई. में इसे ग्राम तथा सन् १८८३ ई. में नगर की श्रेणी प्राप्त हुई। सन् १९६० ई. में इसकी जनसंख्या १५,३९१ थी।
(ले.रा.सिं.)