एल्बे मध्य यूरोप की एक प्रमुख नदी है। यह बोहेमिया में रीज़ेंगेबिर्ग पर्वत के दक्षिणी भाग से करीब ४,६०० फुट की ऊँचाई से निकलती है। यह ७२५ मील लंबी है और अनुमान लगाया गया है कि इसका जलोत्सारण क्षेत्र करीब ५६,००० वर्गमील है। यह जर्मनी और चेकोस्लोवाकिया का जल लेकर उत्तर सागर में हैंबर्ग के पास गिरती है। इसकी सहायक नदियों में वाइसवासन, ब्लाट्वा और एगर प्रसिद्ध हैं। ऊपरी भाग के मैदान में पारदुबिड्स तक यह ७०० फुट की सतह तक उतर जाती है। बोहेमिया के मैदान में इसकी घाटी काफी चौड़ी हो जाती है तथा ड्रेस्डन से समुद्र तक ४३० मील से २८० फुट नीचे उतर जाती है। यह मिट्लैंड नहर प्रणाली द्वारा वेजर नदी और राइन क्षेत्र से मिली हुई है।

दूसरी नहरों द्वारा यह बर्लिन और ओडर नदियों से भी मिली है। हैंबर्ग से कुछ मीलों के बाद यह चार से लेकर नौ मील तक चौड़ी हो गई है। इसका औसत प्रवाह प्रति सेकेंड २४,००० घनफुट है। शीत काल में नदी के जम जाने के कारण आवागमन स्थगित हो जाता है। प्रति वर्ष लगभग ३० दिनों तक हिम के कारण नौकानयन में बाधा पहुँचती है। यह ५२५ मील तक नौकागम्य है। मार्च में हिम के पिघलने से बाढ़ आ जाती है। प्राचीन काल से डैन्यूब प्रदेश में जाने के लिए इसकी घाटी मार्ग देती रही है। प्रधान यातायात हैंबर्ग और मैग्डेलबर्ग के बीच में होता है। होएनज़ॉर्न और दूसरी नहरों से हैंबर्ग और बर्लिन के बीच आवागमन होता है। इसके मुहाने पर हैंबर्ग जर्मनी का एक प्रधान पत्तन है।

(श्या.सुं.श.)