एलवुड संयुक्त राज्य अमरीका के इंडियाना राज्य में मेडिसन प्रदेश में स्थित एक नगर है। यह समुद्र की सतह से ८६२ फु. की ऊँचाई पर तथा इंडियानापोलिस से ४२ मी. उत्तर-पूर्व स्थित है। जनसंख्या सन् १९५० ई में ११,३६२ थी। इस क्षेत्र में तरकारी की खेती होती है और यह अपने टमाटरों के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ से होकर निकेल प्लेट तथा पेनसिलवानिया रेलें जाती हैं। यहाँ एक जहाजी केंद्र भी है जहाँ से पशु तथा अनाज बाहर भेजे जाते हैं। यहाँ सामान रखने के डिब्बे बनाने का एक बहुत बड़ा कारखाना तथा घरेलू उपयोग की वस्तुएँ बनाने के भी कई कारखाने हैं। यह नगर सन् १८५२ ई. में बसाया गया था तथा सन् १८६९ ई. तक यह 'क्विंसी' नाम से प्रसिद्ध था। यहाँ प्राकृतिक गैस मिल जाने के कारण इस नगर की जनसंख्यां काफी बढ़ गई है। (श्या.सुं.श.)