एलगिन, लार्ड विक्टर अलेक्जैंडर ब्रूस (१८४९-१९१७) एलगिन के नौवें तथा किनकारडाइन के १३ वे अर्ल। मौंट्रियल नामक नगर में सन् १८४९ ई. में इनका जन्म हुआ। इनके पिता लार्ड एलगिन जेम्स ब्रूस एलगिन के आठवें तथा किनकारडाइन के १२वें अर्ल थे और १८६१ ई. में भारत के गर्वनर जनरल नियुक्त हुए थे। लेकिन एक वर्ष बाद ही पंजाब में धर्मशाला नामक स्थान पर उनका देहांत हो गया था।
लार्ड विक्टर अलेक्ज़ैडर ब्रूस एलगिन ने ईटन तथा बैलियन कालेज, आक्सफ़र्ड में शिक्षा प्राप्त की और इंग्लैंड की लिबरल पार्टी के सदस्य होकर राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेने लगे। १८९३ ई. में ये भारत के वायसराय बनाए गए और १८९८ ई. तक इस पद पर रहे। इनमें कोई महान् व्यक्तिगत गुण अथवा प्रतिभा न थी। अत: अपने शासनकाल के दौरान भारत में ये कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं कर पाए। १९०५ से १९०८ ई. तक ये इंग्लैंड में औपनिवेशिक मामलों के सचिव रहे। १९१७ ई में इनका निधन हो गया। (कै.चुं.श.)