एबरक्रांब, सर राल्फ़ (१७३४-१८०१) प्रसिद्ध ब्रिटिश सैनिक जिसने सप्त वर्षीय युद्ध में बड़ा नाम कमाया। १७९५ में एबरक्रांबी को 'सर' का खिताब मिला और उसी साल वेस्ट इंडीज़ में ब्रिटिश सेना के प्रधान सेनापति के रूप में उसकी नियुक्ति हुई। फिर वह आयरलैंड की सेना का अध्यक्ष हुआ जहाँ उसने सेना के नियमों में कई प्रकार के सुधार किए। १८०१ में उसे मिस्र में फ्रांसीसियों से लड़ने के लिए भेजा गया। उसने फ्रांसीसियों को परास्त तो कर दिया, पर ठीक जीत के समय ही उसे गोला लगा और वह मर गया। लंदन के सेंट पाल के गिरजाघर में उसका स्मारक बनाया गया और उसकी विधवा को खिताब तथा पेंशन दी गई। (भ. श. उ.)