एप्ली, क्लेमंट रिचर्ड (१८८३-१९६७) ब्रिटिश राजनीतिज्ञ। १९०५ में उन्होंने बैरिस्ट्री पास की पर वकालत की जगह वह सामाजिक कार्य करने लगे। दो साल बाद वह समाजवादी हो गए और 'इंडेपेंडेंट लेबर पार्टी' के सदस्य बन गए। पहले महायुद्ध में उन्होंने फ्रांस और निकट पूर्व के देशों में मेजर की हैसियत से लड़ाइयाँ लड़ीं। १९२२ में एटली पार्लियामेंट के सदस्य चुने गए और जब १९३१ में मजदूर दल की सरकार बनी तब वह युद्ध के लिए उपसचिव नियुक्त हुए। १९३१ के चुनाव के बाद वह मजदूर दल के पहले उपनेता, फिर नेता, चुने गए। द्वितीय विश्वयुद्ध के समय चर्चिल के मंत्रिमंडल में भी वह मंत्री थे और चर्चिल के बाद वह स्वयं इंग्लैंड के प्रधान मंत्री हुए। १९४५ में भारत को पहले औपनिवेशिक फिर १९४७ में पूर्ण स्वराज्य उन्हीं के तत्वावधान में मिला। १९५० में वह फिर नए चुनाव के बाद प्रधान मंत्री हुए। उस चुनाव में उदार और अनुदार दलों के ऊपर मजदूर दल का बस थोड़ा ही बहुमत था। कुछ काल बाद जब मजदूर दल का मंत्रिमंडल हटा तब मेजर एटली भी सरकार से अलग हो गए। सन् १९६७ ई. में इनकी मृत्यु हो गई।

(ओं.ना.उ.)