एंजिल्स, फ्रीडरिख़ (१८२०-९५) जर्मन समाजवादी। २८ नवंबर, १९२० को बरमेन (प्रशा) में जन्म। इनके पिता जर्मनी के एक कारीगर थे। सन् १८४२ से १८४४ तक ये मैनचेस्टर (इंग्लैंड) में रहे। १८४८ ई. के दौरान इन्होंने बडेन के क्रांतिकारी आंदोलन में हिस्सा लिया और १८५० ई. में पुन: मैनचेस्टर लौट आए। यहाँ ये एक शिल्प व्यवसाय में हिस्सेदार होकर १८६० से १८६९ तक रहे। पश्चात् इनका अधिकांश समय लंदन में व्यतीत हुआ। कार्ल मार्क्स के ये अभिन्न मित्र थे और अंतरराष्ट्रीय समाजवादी आंदोलन के संगठन तथा संचालन में उनके प्रमुख एवं अत्यधिक दक्ष सहयोगी की हैसियत से कार्य करते रहे। बाद में ये 'वैज्ञानिक समाजवाद' के प्रस्तोता के रूप में प्रसिद्ध हुए। १८७० ई. में एंजिल्स बेल्जियम, इटली तथा स्पेन की 'इंटरनेशनल वर्किंगमेंस सोसाइटी' के पत्राचारसचिव रहे। मार्क्स के सहयोग से १८४७ ई में इन्होंने क्म्युनिस्ट घोषणापत्र लिखा। इनकी अन्य पुस्तकें 'द वर्किग क्लास इन इंग्लैंड' (१८४४ ई.) 'दि ओरिजिन ऑव द फ्रैमिली' तथा 'द डेवलपमेंट ऑव सोशलिज्म फ्राम यूटोपिया टु साइंस' (१८९४; अधूरी) हैं। इन्होंने मार्क्स रचित ''कैपिटल'' का संपादन भी किया है। ५ अगस्त, १८९५ ई. को लंदन में इनका देहांत हो गया। (कै.चं.श.)