उटकमंड दक्षिण भारत के तमिलनाडु राज्य में समुद्रपृष्ठ से ७,२३० फुट की ऊँचाई पर और कालीकट से ५५ मील की दूरी पर स्थित एक स्वास्थ्यवर्धक पर्वतीय नगर तथा तमिलनाडु की ग्रीष्मकालीन राजधानी है। यह नगर चारों ओर से ७,००० फुट तक की ऊँची पहाड़ियों से घिरा हुआ है। यहाँ की कृत्रिम झील देखने योग्य है। दक्षिण भारत का मुख्य क्षयनिवारक केंद्र, वनस्पति उद्यान तथा राजकीय सिनकोना केंद्र यहाँ हैं। यह स्थान आखेट, मछली मारने तथा मोटर चलाने की सुविधा के लिए प्रसिद्ध है। आसपास पर्याप्त मात्रा में चाय, कहवा, सिनकोना तथा यूकलिप्टस के बगीचे हैं। यहाँ का लारेंस मेमोरियल स्कूल बहुत प्रसिद्ध है। इसी स्थापना सन् १८५८ ई. में की गई थी। (श्या.सुं.श.)