हैंपशिर दक्षिणी इंगलैंड में एक काउंटी है जो पश्चिम में डार्सेटशिर और बिल्टशिर, उत्तर में बर्फशिर, पूर्व में सरे और ससेक्स तथा दक्षिण में इंगलिश चैनेल द्वारा घिरी हुई है। इस काउंटी का क्षेत्रफल ३८४५ वर्ग किमी तथा जनसंख्या १३,३६,०८४ (१९६१) है। हैंपशिर का धरातल असमान है। उत्तर से दक्षिणी खड़िया मिट्टी की पहाड़ियाँ फैली हुई हैं। इन्हें उत्तरी एवं दक्षिणी पहाड़ियाँ कहते हैं। इनकी औसत ऊँचाई १५० मी है तथा ये कहीं कहीं ३०० मी तक ऊँची हैं। कृषि यहाँ का प्रधान उद्योग है। भेड़, सूअर यहाँ पाले जाते हैं। दुग्ध एवं साग सब्जी उल्लेखनीय उपज हैं। हैंपशिर नस्ल की भेड़ों के लिए यह काउंटी विख्यात रही है। लेकिन इनका स्थान अब क्यून नस्ल की भेड़ों ने ले लिया है। इचेन, वी, टेस्ट तथा पवन नदियाँ हैंपशिर में बहती हैं। बादवाली दोनों नदियाँ स्ट्राउट एवं सालमन मछलियों के लिए विख्यात हैं। इस काउंटी में इंगलैंड के दो प्रसिद्ध बंदरगाह - साउथैंपटन एवं पोर्टस्माउथ है। ये व्यापारिक एवं औद्योगिक केंद्र हैं। यहाँ की राजधानी विंचेस्टर है। इस्टले में रेल का कारखाना, बोर्नमाउथ एवं क्राइस्टचर्च पर्यटनकेंद्र (resort) एव गास पोर्ट, बेसिंगस्टोक तथा एल्डरशाट सैनिक केंद्र हैं। प्रागैतिहासिक काल के आवासों के बहुत से प्रमाण हैं। ऐंग्लोसेक्सन साम्राज्य का अंग होने के कारण यहाँ बहुत सी प्राचीन ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक सामग्रियाँ हैं। कई स्थानों-पर पाषाण, कांस्य एवं लौहयुग के औजार एवं लंब स्तूप मिले हैं।

यहाँ की विभूतियों में जेन आस्टिन, विलियम काबेट, चार्ल्स डिकेंस, जॉन केवल, चार्ल्स किंग्स्ले, जार्ज मेरेडिथ, मैरी मिटफर्ड, फ़्लोरेंस नाइटिंगेल, आइज़क वाट्स, गिलबर्ट ह्वाइट एवं शारलाट एम. यंग उल्लेखनीय हैं। जेन आस्टिन एवं गिलबर्ट ह्वाइट के आवासगृह अब संग्रहालय हैं। ११ सदस्य यहाँ से संसद में जाते हैं।

- मैसाचुसेट्स (संयुक्त राज्य अमरीका) में भी इस नाम की एक काउंटी है। क्षेत्रफल १३७५ वर्ग किमी है। यह मुख्यत: कृषि एवं वनों का क्षेत्र है। कनेक्टोक्ट एवं वेस्टफील्ड नदियाँ इसमें बहती हैं। नार्थैंपटन हैंपशिर की राजधानी है। (राजेंद्र प्रसाद सिंह)