हेनरी चतुर्थ (रोमन सम्राट्) (१०५०-११०६) हेनरी तृतीय का पुत्र हेनरी चतुर्थ बृहत् रोमन साम्राज्य का जर्मन सम्राट् था। (१०६५) ई. में अपनी माँ के संरक्षण में गद्दी पर बैठा। १०७५ में सैक्सन विद्रोहों का दमन किया। उसके शासन की प्रमुख घटना पोप ग्रेगरी सप्तम से अभिषेक के प्रश्न पर संघर्ष था। हेनरी पोप के द्वारा बहिष्कृत किया गया किंतु १०७७ ई. में उसने क्षमा माँग ली। १०८० ई. में फिर बहिष्कृत किया गया। १०८४ ई. में हेनरी ने रोम में प्रवेश किया। पोप को निष्कासित किया तथा क्लेमंट तृतीय के नाम स एक नया पोप स्थापित किया, जिसने हेनरी का सम्राट् के रूप में राजतिलक किया। १०९० ई. में वह फिर इटली गया और वहाँ पराजित हुआ। १०९३ से अपनी मृत्यु तक हेनरी जर्मनी के विद्रोही राजाओं से संघर्ष करता रहा। उसका पुत्र भी बागी हो गया। हेनरी बंदी बना और विवशता में उसे राज्य त्यागना पड़ा। वह लीज की ओर भागा और एक दूसरे संग्राम की तैयारी के बीच उसकी मृत्यु हो गई।