हेनरी सप्तम (१४५७-१५०९) इंग्लैंड का शासक तथा ट्यूडर वंश का संस्थापक हेनरी सप्तम रिचमंड के अर्ल एडमंड ट्यूडर मार्गरेट व्यूफ़र्ट का पुत्र था। १४८५ ई. में इसने बॉसवर्थ के युद्ध में रिचर्ड तृतीय को परास्त किया। अगली जनवरी में इंग्लैंड का शासक हुआ तथा उसने एडवर्ड चतुर्थ की ज्येष्ठ पुत्री एलिजाबेथ ऑव यार्क से विवाह कर दोनों घरानों को एक कर दिया। उसने लेबर्ट सियनल और परकिन वारविक के राजगद्दी के लिए किए गए विद्रोहों का दमन किया। हेनरी ने सामंतों का दमन कर तथा जनस्वीकृति एवं संसद् की सहायता से एक सुदृढ़ राजतंत्र की स्थापना की। गृहशासन में स्थायित्व लाने के लिए उसने सुचारु शासन, राष्ट्रीय आर्थिक आत्मनिर्भरता, के कदम उठाए। राज्य की आर्थिक स्वाधीनता के लिए उसने धन पैदा करने के नए साधन निकाले। उसक वैदेशिक नीति शांतिप्रियता की थी। १४९२ ई. का फ्रांस से अल्पकालीन संघर्ष अकेला उदाहरण है। उसने व्यापार और वाणिज्य को प्रोत्साहन देने के लिए संधियाँ कीं। हेनरी की राजवंशीय वैवाहिक नीति की अभिव्यक्ति उसकी ज्येष्ठ पुत्री मार्गरेट का स्कॉटलैंड के जेम्स चतुर्थ से तथा उसके ज्येष्ठ पुत्र आर्थर का एरागॉन की कैथरीन से विवाह में मिलती है। हेनरी ने नए ज्ञान का संरक्षण किया और उसके शासन में इंग्लैंड में नूतन जाग्रति विकसित हुई।
सं. ग्रं. - जी. टैंपरले : 'हेनरी vii ; ए. एफ. पोलार्ड : रेन ऑव हेनरी vii ; सी. एच. विलियम्स : हेनरी vii ; आर. डी. इन्स : इंग्लैंउ अंडर द ट्यूडर्स,।