हाइनान (Hainan) चीन के दक्षिण में दीर्घवृत्तीय आकार का द्वीप है जिसकी लंबाई लगभग ३०० किमी, चौड़ाई लगभग १५२ किमी और क्षेत्रफल लगभग ३५८४ वर्ग किमी. है। इसका अधिक भाग पहाड़ी है पर दक्षिण छोड़कर अन्य तटों पर सँकरे मैदान हैं। पहाड़ियाँ बड़ी बीहड़ हैं और एक स्थान पर तो ६,३०० फुट ऊँची हो गई हैं। यहाँ की जलवायु उष्ण है, ताप २०� सें. के लगभग वर्ष भर रहता है, सिवाय ऊँची पहाड़ियों पर जहाँ का ताप जाड़े में १०� सें. उतर आता है। औसतन वर्षा १५२.५ सेमी से २०३ सेमी तक होती है। यहाँ के जंगलों में महोगनी (mahogany), देवदार रोजवुड, आयरनवुड और मैदानों में धान, ईख, शाक सब्जियाँ, छोटे फल, सुपारी और नारियल उपजते हैं। पशुओं में घोड़ा, सूअर और बैल पाए जाते हैं। कुछ लोह खनिज भी पाए गए हैं। यहाँ मछली पकड़ना और लकड़ी का काम होता है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण जनसंख्या लगभग ३० लाख हैं जिसमें अधिकांश चीनी और शेष में आदिवासी और अन्य लाओ, फ्रांसीसी हिंदचीनी या मिश्रित लोग हैं। खेती और व्यापार चीनियों के हाथ में है। इसके प्रमुख उत्तरी तट पर कियांगचाऊ (Kiengchaw), और लिंबाऊ (Linbow), दक्षिणी तट पर हाइचाउ (Yaichow), और पूर्वी तट पर लोकवाइ है। हाइहो (Hoihow) यहाँ क प्रमुख बंदरगाह है।
(रामसहाय खरे)