हमीरपुर १. जिला, यह भारत के उत्तर प्रदेश राज्य का जिला है। इसके उत्तर में कानपुर एवं जालौन, पश्चिम में झाँसी, पूर्व में बाँदा, पूर्व उत्तर में फतेहपुर जिला और दक्षिण में मध्य प्रदेश राज्य है। इस जिले का क्षेत्रफल ७,१०४ वर्ग किमी एवं जनसंख्या ७,९४ ४४९ (१९६१) है। यह जिला बुंदेलखंड के मैदान में स्थित है जो मध्य विंध्य पठार और यमुना नदी के मध्य में फैला हुआ है। जिले में महोबा की कृत्रिम झीलें हैं। ये झीलें चंदेल राजाओं द्वारा मुगलों के भारत में आने से पूर्व बनवाई गई थीं। इन झीलों में से अनेक में द्वीप या प्रायद्वीप हैं जिनपर ग्रेनाइट के बने मंदिरों के भग्नावशेष मिलते हैं। जिले का मुख्य मैदान उत्तर की ओर शुष्क एवं वृक्षरहित भूमि में विस्तृत है। यहाँ की मिट्टी काली है जिसमें आर्द्रता बनी रहती है और इस कारण यह मिट्टी उपजाऊ है। वर्षा अनिश्चित है, जिसका औसत ९१.५ सेमी है। चना और कपास मुख्य फसलें हैं।

२. नगर, स्थिति : २५ ५७ उ. अ. तथा ८० १० पू. दे.। यह नगर बेतवा एवं यमुना नदी के संगम के समीप कानपुर से सागर जानेवाली पक्की सड़क पर इलाहाबाद से १७६ किमी उत्तर पश्चिम में स्थित है। परंपरा के अनुसार इस नगर के संस्थापक करचुरि राजपूत हमीर देव माने जाते हैं। नगर में हमीर के किले तथा कुछ मुसलमानों के मकबरों के भग्नावशेष हैं। नगर उपर्युक्त जिले का प्रशासनिक केंद्र है तथा यहाँ की जनसंख्या १०,९२१ (१९६१) है। (अजितनारायण मेहरोत्रा)