स्लोवाकिआ चेकोस्लोवाकिआ का एक प्रदेश है जिसका क्षेत्रफल ४९,००८ वर्ग किमी है। इसके पश्चिम में मोरेविया प्रदेश, दक्षिण पश्चिम में आस्ट्रिया, दक्षिण में हंगरी, पूर्व में यूक्रेन और उत्तर में पोलैंड हैं। स्लोवाकिआ का अधिकांश भाग पहाड़ी है। कारपेथिऐन, टाड्रा और बेस्किड्स पर्वतश्रेणियाँ इसमें फैली हुई हैं। गेरलाखोफ्का (Gerlachovka) सबसे ऊँची (२७५० मी.) चोटी है। दक्षिणी स्लोवाकिआ हंगरी के विशाल उपजाऊ मैदान का एक भाग है जिसमें डैन्यूब और उसकी सहायक वाह नदी बहती है। पहाड़ी भाग में वन एवं चरागाह हैं। यहाँ भेड़ें पाली जाती हैं। मैदानी भाग में अंगूर के लताकुंज, बाग और चरागाह मुख्य आर्थिक साधन हैं।

लोहा, पारा, चाँदी, ताँबा, सीसा, एवं नमक महत्वपूर्ण खनिज हैं। खनिजों के सोते भी कुछ भागों में पाए जाते हैं। नगरों एवं उद्योगधंधों के बहुत विकास हुआ है। खनन, जलयाननिर्माण, कृषि तथा धातु पदार्थों का रूपांतरण यहाँ के प्रधान उद्योग हैं। इस प्रदेश की जनसंख्या ४१,१३,४०० (१९६१) थी। स्लोवाक लोग कुल जनसंख्या के ८७.३% हैं। ये रोमन कैथोलिक, धर्मावलंबी हैं। ब्रैटिस्लावा स्लोवाकिआ की राजधानी है।

भाषा एवं मानवप्रजाति में समानता होते हुए भी स्लोवाकिआ, चेक लोगों से सांस्कृतिक एवं राजनीतिक दृष्टि से १००० वर्ष तक बिल्कुल अलग रहा। (राजेंद्र प्रसाद सिंह)