द्वस्मट्स, जॉन क्रिश्चन (1870-1950 ई.) स्मट्स का जन्म दक्षिण अफ्रीका में पश्चिमी राइबीक (Riebeek West) के निकट हुआ। उसके पूर्वज डच थे। १८८६ ई. में वह विक्टोरिया कालेज में प्रविष्ट हुआ। १८९१ में स्नातक होकर वह कैंब्रिज गया। १८९५ में उसने वकालत की परीक्षा पास की। दक्षिण अफीका लौटकर केपटाउन में वकालत प्रारंभ की। १८९८ में राष्ट्रपति क्रूगर ने उसे सरकारी वकील बना दिया। १८९९ से १९०२ तक अंग्रेजों और डचों में युद्ध हुआ। उस समय स्मर्ट्स स्वयं ब्रिटेन की सेनाओं के विरुद्ध लड़ा। १९०२ में उसने समझौता कराने में प्रमुख भाग लिया। उसी के प्रयत्न से १९१० में दक्षिण अफ्रीका का संघ बनाया गया।
प्रथम विश्वयुद्ध के प्रारंभ में दक्षिण अफ्रीका के निवासी डचों ने अंग्रेजों के विरुद्ध विद्रोह किया। जनरल बोथा के साथ स्मट्स ने इस विद्रोह का दमन करने में अंग्रेज सेना की सहायता की। स्मट्स के उत्साह और दूरदर्शिता के कारण जर्मन दक्षिण अफ्रीका में न घुस सके। १९१७ ई. में ब्रिटेन के युद्धकालीन मंत्रिमंडल में स्मट्स को भी सम्मिलित किया गया।
१९१८ में जनरल बोथा का मृत्यु के पश्चात् स्मट्स दक्षिण अफ्रीका का प्रधानमंत्री बना। १९२४ तक वह इस पद पर रहा। १९३३ में स्मट्स ने डचों के नेता हटज़ोग के साथ संगठन बनाकर सरकार बनाई। उसने ब्रिटेन और कॉमनवेल्थ ऑव नेशंस के सहयोग से दक्षिण अफ्रीका की आर्थिक दशा सुधारने का भी महान् प्रयत्न किया। १९४८ के चुनाव में स्मट्स का संयुक्त दल सफल न हो सका। (ओंम प्रकाश)