सोनीपत स्थिति : २८ ५९ ३० उ. अ. ७७ ३० पू. दे.। भारत के हरियाणा राज्य के रोहतक जिले की एक तहसील तथा नगर है। नगर का क्षेत्रफल ४.३८ वर्ग किमी है। आर्यों द्वारा स्थापित इस नगर का उत्तम और पुनीत इतिहास है। दुर्योधन से युधिष्ठिर द्वारा याचित 'पतों' में यह भी एक था। वर्तमान नगर स्थानीय व्यापारिक केंद्र है। तहसील तथा अन्य राजकीय कार्यालय नगर के मध्यवर्ती किंचित् उच्च धरातल पर स्थित हैं। नगर से 'ग्रैंड ट्रंक रोड' पाँच मील दूर है। दिल्ली-पानीपत-मार्ग पर यह स्थित है। नगर के दक्षिणी भाग में साइकिल का कारखाना है, जिसके ठीक सामने, रेलवे लाइन के दूसरी ओर, औद्योगिक क्षेत्र है। गंगा और सिंधु का जलविभाजक क्षेत्र सोनीपत तहसील से होकर जाता है। पश्चिमी यमुना नहर से सिंचाई होती है। यमुना नदी के दाहिने किनारे पर नदीनिर्मित भूमि है। कुछ भाग पठारी भी है। (शांतिलाल कायस्थ.)