सैल्वाडोर, एल (Salvador, El) स्थिति : १३ १५ उ. अ. तथा ८९ प. दे.। यह मध्य अमरीका का अत्यधिक घनी जनसंख्यावाला प्रशांत महासागर के तट पर स्थित सबसे छोटा गणतंत्र है। इसके पश्चिम में ग्वाटेमाला तथा उत्तर और पूर्व में हांडुरैस हैं। इसका क्षेत्रफल २०,००० वर्ग किमी जनसंख्या २५,१०,१९४ (१९६१) और राजधानी सैन सैल्वाडोर है।

एल सैल्वाडोर की प्रमुख नदी लेंपा (Lempa) है जिसका पानी प्रशांत महासागर में गिरता है। लेंपा नदी की आकर्षक घाटी एल सैल्वाडोर की सबसे अधिक उपजाऊ भूमि है। तटीय भागों की जलवायु उष्ण कटिबंधी तथा उच्चतर भूमि की जलवायु शीतोष्ण है। एल सैल्वाडोर की आय का मुख्य साधन यहाँ की उपजाऊ भूमि है। सैल्वाडोर के गरम उष्ण कटिबंधी तट पर इमारती लकड़ी के घने जंगल हैं। यहाँ सोना, चाँदी, कोयला, ताँबा, सीसा और जस्ता आदि के निक्षेप भी पाए गए हैं। सड़क एवं रेल व्यवस्था विकसित है। यहाँ की भाषा स्पेनी है।

पनामा नहर के बनने से पूर्व एल सैल्वाडोर का विदेशी व्यापार मुख्यत: संयुक्त राज्य अमरीका, ग्रेट ब्रिटेन तथा जर्मनी से होता था परंतु अब अन्य देशों से भी होने लगा है। यहाँ से निर्यात होनेवाली वस्तुएँ कॉफी, रबर, तंबाकू, नील तथा सोना हैं।

२. सैल्वाडोर - स्थिति : १३ द. अ. तथा ३८ ३० प. दे.। यह ब्राजील का अत्यंत प्राचीन नगर है। आकार की दृष्टि से इसका चौथा स्थान है। यहाँ से चीनी, रबर तथा कपास का निर्यात होता है। इसकी जनसंख्या ६,५५,७३५ (१९६०) है।

३. सैल्वाडोर नाम का एक नगर कैनाडा में भी है। (नंदकुमार राय)