सैक्सनी अनहाल्ट वर्तमान जर्मनी के डिमाक्रेटिक गणतंत्र का एक प्रांत है जिसमें प्राचीन सैक्सनी राज्य का उत्तरी भाग सम्मिलित है। यह १८१५ ई. में प्रशा को दे दिया गया था। इसमें वर्तमान मैगडेवर्ग एवं हेल जनपद (उपखंड) सम्मिलित है जिनका क्षेत्रफल ९८६० वर्ग मील है। इसके पूर्व में ब्रांडेनबर्ग प्रांत में पश्चिम में पश्चिमी जर्मनी, दक्षिण में थूरिजिया एवं सैक्सनी स्थित हैं। इसका अधिकतर भाग जर्मनी के उत्तरी मैदान के अंतर्गत है जिसकी मिट्टी अत्यधिक उपजाऊ है। हार्ज एवं थूरिजिया की उच्च भूमि कुछ दक्षिणी पश्चिमी भाग में पड़ती है। प्रांत का ९-१० भाग एल्ब नदी की घाटी में एवं शेष वीजर की घाटी में स्थित है। इस उपजाऊ क्षेत्र की प्रधान उपज गेहूँ एवं चुकंदर है। यहाँ हमें एक विषमता दृष्टिगोचर होती है क्योंकि सर्वोत्तम कृषि क्षेत्र हार्ज पर्वत की तलेटी में एवं चरागाह नदियों की घाटियों में स्थित हैं। उत्तर में अलमार्ट का बलुआ मैदान कृषि के योग्य कम है। गेहूँ एवं राई का यहाँ से निर्यात भी होता है। चुकंदर की कृषि हार्ज के उत्तर स्थित क्षेत्रों में होती है। अन्य उपज फ्लैक्स (सन), फल, तिलहन आदि हैं। प्रांत की वन संपदा प्राय: कम है। कुछ उच्च कोटि के जंगल हार्ज क्षेत्र में हैं। पशुपालन नदी घाटियों तक ही सीमित है जिनमें बकरियों की संख्या अधिक होती है। पोटास एवं लिग्नाइट यहाँ की प्रधान खनिज संपत्ति है। पोटास एवं राक साल्ट स्टासफर्ट कोनेवेक एवं हेल के समीप निकाले जाते हैं। लिग्नाइट के क्षेत्र ओस्का स्लेवेन से विजेन फेल तक फैले हुए हैं। ल्यूना प्रखंड के लिग्नाइट का उपयोग जल विद्युत, गैसोलिन एवं अन्य संबंधित वस्तुओं में किया जाता है। चीनी मिलों के अतिरिक्त, कपड़ा, लोहे, इस्पात, चमड़ा आदि के उद्योग भी महत्वपूर्ण हैं, रासायनिक उद्योग स्टासफर्ट में हैं। एल्ब का जलमार्ग व्यापार में अधिक सहायक है। इसकी जनसंख्या १९६२ ई. में लगभग ३३,००,००० थी। प्रधान नगर हेल (२७८०४९) एवं मेगडडेबर्ग (२,६५,५१२) हैं। (कैलाशनाथ सिंह)