सेस्केचवान (Seskatchewan) (स्थिति: ४९� ६०� उ. अ. एवं १०१�-११०� प. दे.) यह कनाडा का एक प्रांत है जिसका क्षेत्रफल २५१,७०० वर्ग मील एवं जनसंख्या ९२५,१८१ (१९६१) है। इसके क्षेत्रफल में से स्थलीय भाग का विस्तार २२०,१८२ वर्गमील एंव जलीय भाग का विस्तार ३१५२८ वर्ग मील है।

इस प्रांत की सीमाएँ कृत्रिम हैं। उत्तरी आधा भाग कैंब्रियन पूर्वकल्व चट्टानों का बना हुआ है। जहाँ जंगल, झील और दलदल की अधिकता है। चर्चिल नदी हडसन की खाड़ी में गिरती है लेकिन उत्तर पूर्व में मैकेंजी नदी का प्रवाह क्षेत्र है। इस प्रांत के दक्षिणी भाग में उत्तरी एवं दक्षिणी सस्केचवान नदियों का क्षेत्र है जिसे प्रेरी का मैदान कहते हैं। दक्षिणी पूर्वी भाग में थोड़ा सा भूभाग सोरिस (Souris) नदी के प्रवाह क्षेत्र में आता है। इस प्रांत की औसत ऊँचाई १२००-१५०० फुट तक है लेकिन रेजिना (Regina) नामक नगर १८९६ फुट की ऊँचाई पर स्थित है।

जलवायु-इस प्रांत के दक्षिणी क्षेत्र में गरमी में अधिक गरमी एवं जाड़े में अधिक ठंढक पड़ती है। दैनिक ताप जाड़े में हिमांक से नीचा रहता है। गरमी का औसत ताप १०� से १३� से. रहता है। लेकिन धूप जाड़े और गरमी में बराबर रहती है। इससे जलवायु शुष्क और स्वास्थ्यकर होती है।

यहाँ ३०� से ३५� तक हिम वर्षा होती है जो लगभग ३-५ फुट पानी के बराबर होती है। वर्षा की मात्रा १२� से १५� है। दक्षिणी भाग सूखाग्रस्त है। फार्म पुनर्वास योजना (Rehabilitation Programme) के अंतर्गत १९३५-५० तक लगभग ४३ हजार कृषकों को भूमि सुधार एवं जलसंग्रह के लिए आर्थिक सहायता दी गई।

कृषि- कृषि योग्य भूमि का क्षेत्रफल १,२५,०८० वर्ग मील है जिसमें से लगभग १ लाख वर्ग मील में बड़े-बड़े कृषि फार्म हैं। वसंतकालीन गेहूँ की उपज का यह प्रसिद्ध क्षेत्र है जो संपूर्ण कनाडा का ५०% गेहूँ उत्पन्न करता है। राई (एक प्रकार का अनाज) अन्य महत्वपूर्ण उपज है। पशुपालन एवं मुर्गीपालन भी होता है। घास के मैदान बहुत दूर तक विस्तृत हैं। दक्षिण के एक-तिहाई भाग में जनसंख्या का घनत्व बहुत ही अधिक है। जंगल आर्थिक दृष्टि से लाभदायक नहीं है। प्रांत के मध्य भाग में स्प्रूस, हेमलॉक, बर्च, पॉपलर और फर मुख्य वृक्ष हैं। कुछ मछलियाँ भी यहाँ पकड़ी जाती हैं। खनिजों में ताँबा, सोना, जिंक, निकल, कोयला, रजत, लोहा, सीसा और प्लैटिनम उल्लेखनीय है। जल विद्युत का उत्पादन भी होता है। कृषि प्रधान उद्योग है। दूसरा स्थान निर्माण उद्योग का है। इसमें तीन समूह मुख्य हैं: आटा और भोज्य पदार्थों के कारखानें, मांस उद्योग एवं मक्खन और पनीर उद्योग। रेजिना में कच्चे माल का गोदाम, पशुबधशाला, यंत्र निर्माण और पुर्जों के जोड़ने का काम होता है। निचले भाग में सड़कों एवं रेलमार्गों का जाल बिछा हुआ है। देश के भीतरी भाग में होने के कारण बंदरगाह नहीं है।

रेजिना (जनसंख्या ११२,१४१) इस प्रांत की राजधानी है। सस्कैटून (Saskatoon) (१०३,६२३) में विश्वविद्यालय है। मूज़ जा (Moose Jaw) (३३,२०६) एवं प्रिंस अलबर्ट (२४,१६८) अन्य महत्वपूर्ण नगर हैं।

२-सस्केचवान नदी-कनाडा के अलबर्टा एवं सस्केचवान प्रांतों में बहने वाली नदी है। इसकी दो बड़ी धाराएँ-उत्तरी एवं दक्षिणी सस्केचवान, प्रिंस अलबर्ट के निकट मिलती हैं और तब पूर्व की ओर बहती हुई विनीपेग झील में मिल जाती है। उत्तरी सस्केचवान राकी पर्वतमाला में ५२� ७� उ. अ. एवं ११७� ६� पू. दे. से निकलती है और पूर्व की ओर बहती है। इसमें कई प्रसिद्ध सहायक नदियाँ, जैसे क्लियरवाटर, ब्रैजियन और बैटिल मिलती हैं। दक्षिणी सस्केचवान बो एवं बेली नदियों के मिलने से बनती है। पूर्व की ओर इसमें रेड नदी मिलती है और कुछ आगे जाने पर उत्तरी सस्केचवान भी मिल जाती है। यहाँ से लेकर विनीपेग झील में गिरने के स्थान तक संयुक्त धारा की लंबाई ३४० मील है। बो नदी के उद्गम स्थान तक सस्केचवान की कुल लंबाई १२०५ मील है। इस नदी का नौगमन के लिए बहुत ही कम उपयोग होता है। (राजेंद्र प्रसाद सिंह)