सेबिस्तियन, संत अंब्रोसियस (सन् ३४०-३९७ ई.) के अनुसार सेबस्तियन मिलान के निवासी थे और सम्राट डायोक्लीशन (सन् २८४-३०५ ई.) के समय रोम में शहीद हो गए थे। पाँचवीं शताब्दी से उनके विषय में एक दंतकथा प्रचलित है कि जल्लादों ने उन्हें एक खंभे में बाँधकर बाणों से छिन्न कर दिया और उन्हें मृत समझकर चले गए थे। किंतु जब ईसाई उनको दफन करने आए तब उनको जीवित पाया। बाद में सम्राट ने उन्हें लाठियों से मरवा डाला।

संत सेबस्तियन शताब्दियों तक यूरोप में अत्यंत लोकप्रिय संत रहे। बहुत से कलाकारों ने बाणों से छिन्न संत सेबस्तियन का चित्र बनाया है जिससे कला के इतिहास में उनका विशेष स्थान है। संत सेबस्तियन का पर्व २० जनवरी को पड़ता है। (कामिल बुल्के)