सेवरेस, लूसिअस सेप्तीमिअस (१४६-२११), रोम के सम्राट लूसिअस का जन्म अफ्रीका के तट पर हेप्टिस मागना स्थान पर ११ अप्रैल, १४६ को हुआ। लुसिअस की वह लौह पुरुष है जो अनेक वर्षों के कठोर गृहयुद्ध के बाद बिखरे रोमन राज्यों को अपने नेतृत्व में संगठित करने में सफल हुआ। उसने रोम में कानून का अध्ययन किया और प्रांत तथा साम्राज्य के उच्च प्रशासकीय पदों पर कार्य किया। उसने सन् १९३ में पनोतिया में सेना का नेतृत्व सँभाला और रोम के तत्कालीन कठपुतली सम्राट जुलिआनस को उखाड़ फेंका।
अपने शासन के प्रारंभिक दिन उसने अपने प्रतिद्वंद्वियों-पूर्व में नाइजर, पश्चिम में अलवाइनस और १९७ से २०२ तक के युद्ध में पार्थियंस-का सफाया करने में बिताए। इसके बाद उसने अपना ध्यान प्रशासकीय मामलों के सुधार में लगाया। सैनिक इतिहास में सैन्य आधिपत्य की प्रथा उसके शासन से ही शुरू होती है। उसने साम्राज्य में न्यायाधीशों के प्रभुत्व के स्थान पर सैनिक प्रभुत्व की स्थापना की। इटली मं एक केंद्रीय सेना का गठन किया। सैनिक नौकरी की अवस्थाओं तथा उनके वेतन में भी सुधार किए और सैनिकों को उनके इच्छानुसार अपनी पत्नियों को साथ रखने की स्वीकृति दी। गृह शासन के क्षेत्र में उसने सीनेट के महत्व को कम करके उसके सदस्यों के अधिकार एवं कर्तव्यों की नई सीमा निर्धारित की। उसने रोमन साम्राज्य के प्रांतों की स्थिति को बहुत कुछ इटली के समानांतर किया। सब मिलाकर उसका शासन शांति एवं समृद्धि का था।
सन् २०८ में लूसिअस स्काटलैंड के पर्वतीय क्षेत्रों में विद्रोह खड़ा करने के लिए ब्रिटेन गया। लेकिन अपने इस प्रयत्न में बहुत हानि उठाने के बाद अंत में यह यार्क लौट आया और वहीं ४ फरवरी, २११ को उसकी मृत्यु हो गई।