सेलैंगर (Selangar) क्षेत्रफल ३१६७ वर्ग मील, जनसंख्या १२,७६,१९८ (१९६४) मलेशिया गणतंत्र में मलय संघ के मध्य में मलक्का जलमडरूमध्य के किनारे स्थित राज्य है। सेलैंगर उत्तर में पेराक, पूर्व में पहांग तथा दक्षिण में नेग्री सेंबिलान राज्यों द्वारा घिरा हुआ है। पूर्वी सीमा पर स्थित पर्वतों में टिन की महत्वपूर्ण खदानें हैं लेकिन अधिकांश निचला मैदान सेलैंगर, क्लांग और लंगट नदियों द्वारा प्रवाहित उपजाऊ मैदान है। कोयला भी एक महत्वपूर्ण खनिज है। ऊपरी घाटी एवं उत्तरी पश्चिमी दलदली भाग में रबर एवं धान मत्स्योत्पादन उल्लेखनीय हैं। क्वालालंपुर इस राज्य की ही नहीं अपितु मलय संघ तथा संपूर्ण मलेशिया की राजधानी है। पोर्ट स्वेटेनहम प्रधान बंदरगाह है, जहाँ मलय आने वाले जलयान नियमित रूप से आते रहते हैं। निर्यात की मुख्य वस्तुएँ रबर एवं टिन हैं। सेलैंगर मलय संघ का सबसे घना आबाद राज्य है। चीनी एवं भारतीयों की संख्या कुल जनसंख्या के दो-तिहाई से भी अधिक है, शेष मलय हैं। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद इस राज्य के पर्याप्त औद्योगिक प्रगति की है। १८७४ ई. में सेलैंगर ब्रिटेन के संरक्षण में आया तथा १८९५ ई. में मलय फेडरेटेड राज्यों में से एक हुआ। यह सन् १९४२ से लेकर (अगस्त) सन् १९४५ तक जापान के अधिकार में रहा। (राजेंद्र प्रसाद सिंह)