सेंट लुइस १. स्थिति: ३८° ३७¢ उ. अ. एवं ९०° १५¢ प. दे.। यह मिसौरी राज्य का सबसे बड़ा एवं संयुक्त राज्य अमरीका का आठवाँ बड़ा नगर है, जो मिसीसिपी नदी के किनारे शिकागो के २८५ मील दक्षिण पश्चिम में स्थित गमनागमन का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहाँ जलमार्गों, वायुयानों, सड़कों एवं रेलमार्गों का जाल बिछा हुआ है। यह महत्वपूर्ण व्यापारिक, वित्तीय एवं औद्योगिक केंद्र है। संसार का सबसे बड़ा समूर का बाजार होने के साथ साथ पशु, अनाज, ऊन एवं लकड़ी का भी प्रसिद्ध बाजार है। शराब, दवा, जूता, यंत्र, वायुयान, मोटर, रेलगाड़ी, स्टोव एवं लौह इस्पात के कारखाने यहाँ हैं। यहाँ तेल. रबर, तंबाकू एवं लकड़ी की वस्तुओं का निर्माण भी होता है। मांस को डब्बों में बंद करना महत्वपूर्ण उद्योग हैं। यहाँ सेंट लुइस एवं वाशिंगटन नामक दो विश्वविद्यालय एवं दो सेमिनरी हैं। यह स्वतंत्र नगर है जो किसी भी काउंटी में नहीं है।

सेंट लुइस बंदरगाह से कोयला, तेल, गंधक, अनाज, चीनी, तथा कागज, रसायनक एवं मोटरगाड़ियों का आदान-प्रदान होता है। सेंट लुइस के दर्शनीय स्थलों में आरकेस्ट्रा, कला संग्रहालय, ईड्स पुल, फारेस्ट पार्क, जेफरसन मोमोरियल भवन, प्राणिक एवं वानस्पतिक उद्यान, म्यूनिसिपल एवं अलो प्लाजा, जेफरसन एक्सपैंशन मेमोरियल एवं राक हाउस हैं। धर्माध्यक्ष का आवास यहाँ है। प्राचीन कैथेड्रल सबसे पुराना गिरजाघर है। यहाँ नौसेना, वायुसेना तथा म्यूनिसिपैलिटी के हवाई अड्डे हैं।

सेंट लुइस की जनसंख्या ७,५०,०२६ (१९६०) है।

२.       मिसौरी राज्य में एक काउंटी है। क्षेत्रफल ६२८१ वर्गमील एवं जनसंख्या २०६,०६२ (१९५०) है। सेंट लारेंस एवं लिटिल फार्क नदियाँ मुख्य हैं। यहाँ वर्मिलियन एवं मेसाबी लौह पर्वत श्रेणियाँ हैं। खनन उद्योग के अतिरिक्त पशुपालन एवं तरकारी, विशेषकर आलू का उत्पादन होता है। राजकीय वन एवं सुपीरियर राष्ट्रीय वन उत्तरी भाग में है। डलुथ इसकी राजधानी है।

३.       मिसौरी राज्य में ही एक दूसरी काउंटी है। क्षेत्रफल ४९० वर्ग मील, जनसंख्या ४०६,३४९ (१९५०) है। क्लेटन यहाँ की राजधानी है। मिसौरी एवं मेरमिक नदियों से यह घिरी हुई है। मक्का, गेहूँ एवं आलू मुख्य कृषि उपज है। बागाती उपज, पशुपालन एवं लकड़ी की वस्तुओं का निर्माण होता है।

(राजेंद्र प्रसाद सिंह)