सुपीरियल झील यह उत्तरी अमरीका की ही नहीं बल्कि संसार की सबसे बड़ी अलवण जल की झील है। यह सर्वाधिक गहरी, समुद्र तल से सर्वाधिक ऊँची और अमरीका की पाँच बड़ी झीलों के सुदूर उत्तर पश्चिम में स्थित है। सुपीरियर झील कैनाडा तथा संयुक्त राज्य अमरीका की अंतरराष्ट्रीय सीमा के दोनों ओर बहती है। कैनाडा का ओंटाइरा राज्य इसके उत्तर पूर्व में है। झील के दक्षिण में विसकोंसिन (Wisconsin) तथा मिशिगैन (Michigan) स्थित हैं।
सुपीरियर झील की सर्वाधिक लंबाई पूर्व से पश्चिम तक ५६० किमी. सर्वाधिक चौड़ाई २५६ किमी तथा संपूर्ण क्षेत्रफल ९१४५९ वर्ग किमी है और सर्वाधिक गहराई ३९६ मी. है।
सुपीरियर झील की तलहटी पथरीली है। लगभग २०० नदियों का पानी झील में गिरता है। इन नदियों में सबसे बड़ी सेंट लुईज है। इसका मुँह झील के पश्चिमी सिरे पर है। इस झील में बहुत से द्वीप हैं जिनमें सबसे बड़ा द्वीप आइल राएल है।
सुपीरियर झील साल भर खुली रहती है। अधिक गहराई के कारण इसका पानी जमता नहीं है। केवल सीमावर्ती क्षेत्रों और खाड़ियों का पानी जम जाता है। पोताश्रयों के पास की जमी हुई बर्फ के गलने के कारण मध्य अप्रैल से पहली दिसंबर तक नौपरिवहन प्रतिबंधित रहता है। झील के चारो ओर की भूमि में ताँबा, निकल तथा अन्य धातुओं के अयस्क पाए जाते हैं। सुपीरियर झील के बंदरगाहों में, सुपीरियर तथा ऐशलैंड (वाशिंगटन के) तथा फोर्ट विलियम एवं आर्थर (कनाडा के) प्रमुख हैं। (नंदकुमार राय)