सिरेनेइका लीबिया के पूर्वी भाग में स्थित एक प्रदेश है जिसका क्षेत्रफल ३१०,२५९ वर्ग मील है। भूमध्यसागर तट पर स्थित इस प्रदेश के पूर्व में मिस्त्र ट्रिपोलीटेनिया एवं दक्षिण में चाड गणतंत्र है। इसमें कूफा मरुध्यान भी सम्मिलित है। तटीय भाग की जलवायु भूमध्यसागरीय है। गर्मी की ऋतु उष्ण एवं शुष्क होती है। भीतरी भागों में वर्षा की मात्रा कम होती है तथा तट से ८० मील की दूरी पर मरुस्थलीय दशाएं पायी जाती हैं। तटीय क्षेत्र में बेनगाजी और डेरना के बीच में तथा गेबल-एल-अखदार (Gebel-el-Akhdar) पठार में जनसंख्या केंद्रित है जहां वार्षिक वर्षा १६'' के आसपास हो जाती है। जो, गेहूं, जैतून एवं अंगूर मुख्य कृषि उपज हैं। कफ्रूा एवं जिआलो नामक मरुद्यानों से खजूर की प्रचुर मात्रा में प्राप्ति होती है। खानाबदोश पशुचारियों ने भेड़, बकरे और ऊँट पर्याप्त मात्रा में पाल रखे हैं। यहाँ से भेड़, बकरा, पशु, ऊन, चमड़ा, मछली तथा स्पंज का निर्यात मुख्यत: ग्रीस और मिस्र को होता है।
उपजाऊ भूमि का अधिकांश भाग चरागाह के लिए ही उपयुक्त है। विकसित सिंचाई के साधनों द्वारा तरकारी की उपज की जा सकती है। फिर भी पशुपालन एवं बागवानी खेती प्रधान उद्योग रहेंगे। यहाँ २,७२,००० एकड़ में प्राकृतिक वन हैं। खनिज तेल भी पाया जाता है। सन् १९५७ में इस प्रदेश में २,३६,४३,७६८ किलोवाट घंटा विद्युत उत्पन्न की गई। मुख्य नगर तोब्रक, डेरना, सिरएन, बार्स और बेनगाजी हैं जो तटीय सड़क मार्ग द्वारा एक-दूसरे से संबद्ध हैं। १०० मील लंबा रेलमार्ग है। वायु मार्ग द्वारा ट्रिपोली, काहिरा, रोम, माल्टा, ट्यूनिस, नैरोबी, एथेंस और लंदन यहाँ की राजधानी बेनगाजी से संबद्ध हैं।
(राजेंद्र प्रसाद सिंह)