सिंह (Lion) पैंथरा लिओ (Panthera Leo) फैलिडी कुल (Fam. Felidae) का प्रसिद्ध मांसभक्षी स्तनपोषी जीव। जंगल का वास्तविक राजा। बाघ के समान खुँखार और पराक्रमी जीव। चेहरा कुत्ते की तरह लंबोतरा। नर के कंधे पर बड़े-बड़े बाल जिसके सिरे काले। दुम के सिरे पर काले बालों का गुच्छा। औसत लंबाई दस फुट। मादा कुछ छोटी। रंग पिलछौंह, भूरा या बादामी। बहुत बलवान और फुर्तीले। दहाड़ या गरज तेज।
ये हमारे देश में केवल काटियावाड़ में थोड़ी संख्या में लेकिन अफ्रीका के जंगलों में काफी हैं। पश्चिमी एशिया, ग्रीस और मेसोपटामिया में भी पाए जाते हैं। घने जंगलों की अपेक्षा खुले पहाड़ी स्थान और ऊँची घास तथा नरकुल के जंगल ये अधिक पसंद करते हैं।
इनका मुख्य भोजन गाय, बैल, हिरण और सुअर आदि हैं। कुछ नरभक्षी भी होते हैं। मादा कुछ छोटी और केसर से रहित होती है। यह प्राय: दो तीन बच्चे जनती हैं जिन्हें शिकार खेलना सिखाती है। यह अपने बच्चों को बहुत प्यार करती है और बहुत दबाव पड़ने पर ही छोड़ती है। (सुरेश सिंह कुँअर]