सिंक्लेयर, सर जान (Sinclair, Sir John (Bart) (सन् १७५४-१८३५) स्कॉटलैंड के लेखक, जिन्होंने वित्त तथा कृषि पर पुस्तकें लिखीं। जन्म थसरो कैसेल (Thusro Castle) में हुआ था। एडिनबरा, ग्लासगो तथा ऑक्सफोर्ड में शिक्षा ग्रहण की। सन् १७८० से १८११ तक पार्लियामेंट के सदस्य रहे।

इन्होंने एडिनबरा में अंगरेजी ऊन को सुधारने के लिए एक समिति स्थापित की। ये बोर्ड ऑव ऐग्रिकल्चर (कृषि परिषद्) के निर्माण में सहायक हुए और उसके प्रथम सभापति भी बने। इन्होंने वित्त विशेषज्ञ एवं अर्थशास्त्री के रूप में प्रचुर ख्याति अर्जित की। वैज्ञानिक कृषि के लिए इनकी सेवाएँ अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन्होंने कृषि परिषद् द्वारा संग्रह की जाने वाली रिपोर्टों के २१ भागों तथा ''स्कॉटलैंड की व्यापक रिपोर्ट'' का निरीक्षण किया। सन् १८१९ ई. में इन संगृहीत रिपोर्टों के आधार पर इन्होंने ''कृषि विधान,'' (Code of Agriculture) तैयार किया। ये यूरोप की अधिकांश कृषि समितियों के सदस्य तथा रॉयल सोसायटी ऑव लंदन एवं एडिनबरा के सम्मानित सदस्य (फेलो) थे। (शिवगोपाल मिश्र)